भिलाई में दर्दनाक हादसा : मधुर आयरन कंपनी में तीन क्विंटल की आयरन रॉड सुपरवाइजर शिव कुमार चौहान पर गिरने से मौत, परिजनों ने कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवज़े की उठाई मांग

भिलाई। औद्योगिक क्षेत्र स्थित मधुर आयरन कंपनी में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत शिव कुमार चौहान की शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान भारी आयरन रॉड गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आयरन रॉड को चैन से बांधकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था। उसी दौरान करीब तीन क्विंटल वजनी एक रॉड अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ी। रॉड सीधे शिव कुमार पर आ गिरी। जोरदार आवाज के साथ वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
अस्पताल में नहीं बचाई जा सकी जान
कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। हादसे की खबर से परिवार में मातम फैल गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
परिजनों का आरोप है कि कंपनी में सुरक्षा इंतज़ाम बेहद कमजोर थे। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवज़े और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
हादसे ने एक बार फिर निजी औद्योगिक संस्थानों में मजदूरों और सुपरवाइजरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। श्रम विभाग की टीम भी मामले की जांच कर सकती है।




