राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर स्वागत, बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में सहभागिता प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण अवसर

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ आगमन पर आज राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल में आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रपति के प्रदेश आगमन को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सहभागिता प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उनकी उपस्थिति से छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की सहभागिता से प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं का मान बढ़ेगा और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट परंपराओं और जनजातीय संस्कृति के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। वहीं, मुरिया दरबार बस्तर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
राष्ट्रपति के इस प्रवास को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय गौरव और पारंपरिक आयोजनों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




