
जगदलपुर | 27 मार्च 2026
देश सेवा का सपना देख रहे बस्तर के युवाओं के लिए भारतीय थल सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र जगदलपुर के अनुसार, वर्ष 2026 की अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत पुरुष अभ्यर्थी जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, स्टोरकीपर और ट्रेड्समैन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए सैन्य पुलिस के साथ नर्सिंग असिस्टेंट (वेट) और सिपाही फार्मा पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध हैं।
निर्धारित नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों की आयु 17.5 से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन शुल्क 250 रुपए तय किया गया है। आवेदन के बाद कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 1 जून से 10 जून 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है।
फ्री कोचिंग से बढ़ेगा चयन का मौका
बस्तर के युवाओं को बेहतर तैयारी का मौका देने के लिए जिला प्रशासन ने खास पहल की है। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को सेना में आवेदन के बाद 20 अप्रैल 2026 तक रोजगार विभाग की वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा।
यह पहल स्थानीय युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार करने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।




