शिक्षा की राह होगी आसान: 1.91 करोड़ की लागत से बने परपा कन्या छात्रावास का सांसद महेश कश्यप ने किया लोकार्पण

जगदलपुर, 24 अप्रैल 2026। तोकापाल ब्लॉक के ग्राम परपा में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 1.91 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का लोकार्पण बस्तर सांसद महेश कश्यप ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद का छात्राओं ने बस्तर की पारंपरिक वेशभूषा में जनजातीय नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया।

लोकार्पण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सरकार अंतिम छोर पर निवासरत बेटियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस छात्रावास के शुरू होने से दूर-दराज क्षेत्रों की छात्राओं को अब शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। बेहतर आधारभूत संरचना ही क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की मजबूत नींव है और इस सर्वसुविधायुक्त भवन से छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नक्सल मुक्त बस्तर के बाद अब अंदरूनी क्षेत्रों में भी ऐसे छात्रावासों का तेजी से निर्माण किया जा रहा है, जिससे शिक्षा के अवसर और मजबूत होंगे।

चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने छात्राओं को छात्रावास की सुविधाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान अब बस्तर के गांवों में धरातल पर साकार हो रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप, कामदेव बघेल, जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी, जनपद उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी, भाजपा जिला मंत्री रैतुराम बघेल, मंडल अध्यक्ष सोमारू कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




