बेनूर में धरती आबा अभियान शिविर सम्पन्न, वन मंत्री ने योजनाओं की पहुंच और पारदर्शिता पर दिया जोर


“धरती,आबा शिविर में शामिल हुए वन मंत्री केदार कश्यप,हितग्राहियों को योजनाओं का दिलाया लाभ “


नारायणपुर, 21 जून 2025 // धरती आबा जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत बेनूर में आज जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, सहकारिता, कौशल विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंत्री कश्यप ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि धरती आबा योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य है कि जनजातीय क्षेत्रों में सरकार की योजनाएं सीधे लोगों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि “धरती आबा” नाम भगवान बिरसा मुंडा को सम्मान स्वरूप दिया गया है, जो जनजातीय चेतना और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं।
योजनाओं का लाभ अब गांव में ही
मंत्री ने बताया कि अब राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, जनधन खाता, जाति-निवास प्रमाण पत्र जैसी 25 से अधिक योजनाओं का लाभ गांव में ही एक शिविर के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से सीधे खातों में जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है और पारदर्शिता बढ़ी है।
शिविर के दौरान दिव्यांग हितग्राहियों धनसु नेताम और रामलाल कोडो को बैटरी चालित ट्राई साइकिल, श्रीमती रामबती को 20 हजार रुपये की परिवार सहायता, प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति पत्र, पेंशन प्रमाण पत्र और राशन कार्ड प्रदान किए गए।
वन मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण कर बीपी जांच भी करवाई और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना लाभ से जोड़ा जाए। शिविर में सिकलसेल स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य जांच और ऑन-स्पॉट पंजीयन की भी व्यवस्था थी।
आगामी शिविरों की तिथि
अभियान के तहत 23 जून को रेमावंड, 24 जून को सोनपुर, 25 जून को ओरछा, 27 जून को धौड़ाई, 28 जून को कोहकामेटा, और 30 जून को पालकी में ऐसे ही शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम, राकेश कोडो, सोमनाथ सलाम, रामबती देवांगन, ग्राम पंचायत बेनूर की सरपंच रैनी मरकाम, एसडीएम गौतमचंद पाटिल, सहायक आयुक्त राजेंद्र सिंह, जनपद सीईओ लोकनाथ पटेल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे।




