शासकीय विद्यालय करीतगांव में गूंजा युवाशक्ति का जोश, ‘युवा दौड़’ में दिखा अनुशासन और प्रेरणा,

जगदलपुर, 22 जनवरी 2026/जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करीतगांव में बुधवार 21 जनवरी को युवाओं के उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में आयोजित ‘युवा दौड़’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और समर्पण के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, शारीरिक सुदृढ़ता एवं स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। दौड़ प्रारंभ होने से पूर्व एनएसएस के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के कैडेटों ने युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इसके पश्चात पूर्ण अनुशासन एवं एकजुटता के साथ युवाओं ने दौड़ प्रारंभ की और उसे सफलतापूर्वक पूर्ण किया। दौड़ में शामिल कैडेटों ने न केवल अपनी शारीरिक क्षमता का परिचय दिया, बल्कि आत्मविश्वास, एकता और सेवा भावना का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मोनिता पानिग्राही एवं व्याख्याता लुप्तेश्वर आचार्य की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी राहुल सिंह ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। वहीं सहायक कार्यक्रम अधिकारी वाणी हुमने एवं लोकेश निषाद ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
‘युवा दौड़’ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा भी दी। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सशक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।




