जगदलपुर में जलकर बकायेदारों पर चलेगा निगम का डंडा! 4.72 करोड़ की वसूली को लेकर टुल्लू पंप जब्ती और नाम सार्वजनिक करने की तैयारी

10 हजार से ज्यादा बकाया? अब नहीं चलेगा बहाना! जगदलपुर में सोमवार से सख्त जलकर वसूली अभियान, नल कनेक्शन होंगे काटे
जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर ने जलकर बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 4 करोड़ 72 लाख 72 हजार रुपये की बकाया राशि की वसूली के लिए अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। सोमवार से यह अभियान जोरशोर से शुरू किया जाएगा, जिसमें जलकर नहीं चुकाने वालों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और टुल्लू पंप की जप्ती सहित अन्य सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में जलकर की कुल मांग 7 करोड़ 67 लाख 45 हजार रुपये है, जिसमें से अब तक केवल 2 करोड़ 91 लाख 73 हजार रुपये की ही वसूली हुई है। यह कुल वसूली का मात्र 38.16 प्रतिशत है। निगम के 48 वार्डों में 22,311 जल कनेक्शनधारी हैं, जिनमें से 3,051 उपभोक्ताओं पर 10,000 रुपये से अधिक जलकर बकाया है। इनसे कुल 4 करोड़ 12 लाख 08 हजार रुपये की वसूली होनी बाकी है।
शनिवार को पीएचई कार्यालय में जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता और राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा की उपस्थिति में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें यह निर्णय लिया गया कि सहायक राजस्व निरीक्षक और पंप ऑपरेटर मिलकर घर-घर जाकर जलकर वसूलेंगे।
जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि महापौर संजय पांडे के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान एक माह तक चलेगा, जिसमें जलकर न चुकाने वालों के टुल्लू पंप जब्त किए जाएंगे और नल कनेक्शन काटे जाएंगे। बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और अवैध कनेक्शन भी हटाए जाएंगे।
राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर जलकर जमा कर प्रशासनिक कार्रवाई से बचें। बैठक में सहायक अभियंता एच.एल. नेताम, सब इंजीनियर संजीव कर्ण समेत कई कर्मचारी मौजूद थे।