ढोडरेपाल में राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला उजागर, जनपद सदस्य ने मौके पर कराया चावल-शक्कर का पुनः तौल


“जनपद सदस्य, एवं जनपद अध्यक्ष ने मौके पर कराया चावल-शक्कर का पुनः तौल”

बकावंड। विकासखंड बकावंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोडरेपाल में राशन वितरण के दौरान गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया। ग्रामीणों ने शिकायत की कि उन्हें निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा है। इसकी सूचना सरपंच एवं जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप को दी गई।
शिकायत मिलते ही जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के सामने चावल का तौल कराया। इस दौरान एक कांटे पर वजन 42.030 ग्राम निकला, जबकि नए कांटे से तौल कराने पर मात्र 38.270 ग्राम पाया गया। इसी तरह शक्कर के वजन में भी प्रति किलो 300 से 550 ग्राम तक का अंतर मिला।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बकावंड जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने राशन संचालित करने वाली वन सुरक्षित समिति टिवंसगुढा को कड़ी फटकार लगाई और आगे से इस तरह की गड़बड़ी न दोहराने की सख्त चेतावनी दी।
मौके पर सरपंच के साथ ही ग्रामीण सागर पंच, सदाशिव मौर्य, तुलसा पंच, पद्मनी, पूर्व उप-सरपंच पवन कुमार पानिग्राही, प्रहलाद मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




