देश-विदेश

मध्य पूर्व में तनाव चरम पर: इजराइल ने लेबनान के 10% हिस्से पर किया कब्जा, अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच बड़ा दावा

रायपुर/नई दिल्ली। मध्य पूर्व में जारी तनाव अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का आज 26वां दिन है। इसी बीच इजराइल ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने लेबनान के करीब 10% इलाके पर नियंत्रण कर लिया है।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि सेना दक्षिणी लेबनान में लिटानी नदी तक नियंत्रण स्थापित करेगी और वहां एक मजबूत बफर जोन बनाया जाएगा। यह इलाका इजराइल की सीमा से करीब 30 किलोमीटर अंदर तक फैला हुआ है।

क्यों लिया गया फैसला?

इजराइल का कहना है कि यह कार्रवाई हिजबुल्लाह को कमजोर करने और अपनी उत्तरी सीमा को सुरक्षित करने के लिए जरूरी है। सेना ने लिटानी नदी के आसपास कई पुलों को भी नष्ट कर दिया है, ताकि हथियारों और लड़ाकों की आवाजाही रोकी जा सके।

हिजबुल्लाह और ईरान की प्रतिक्रिया

हिजबुल्लाह ने इजराइल की इस योजना को लेबनान के अस्तित्व के लिए खतरा बताया है और किसी भी कब्जे का विरोध करने की बात कही है। वहीं ईरान ने इजराइल पर ड्रोन हमले जारी रखे हैं।

बताया जा रहा है कि हिजबुल्लाह ने इजराइल के शहरों हाइफा और नाहारिया पर 30 से ज्यादा रॉकेट दागे, जबकि बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भी हमलों की खबरें हैं।

हालात बेहद संवेदनशील

मौजूदा हालात को देखते हुए क्षेत्र में बड़े युद्ध की आशंका बढ़ गई है। लाखों लोग दक्षिणी लेबनान से पलायन कर चुके हैं और फिलहाल उनके लौटने की संभावना कम नजर आ रही है। बातचीत की संभावनाएं भी कमजोर बताई जा रही हैं, जिससे तनाव और गहरा सकता है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar