छत्तीसगढ़दुर्ग संभाग

उप मुख्यमंत्री अरुण साव का औचक निरीक्षण : कुम्हारी नगर पालिका में लापरवाही पर फटकार, अमृत मिशन में तेजी के निर्देश


उप मुख्यमंत्री अरुण साव का औचक निरीक्षण : कुम्हारी नगर पालिका में लापरवाही पर फटकार, अमृत मिशन में तेजी के निर्देश

दुर्ग। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कुम्हारी नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय की व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति, योजना क्रियान्वयन की जानकारी, निर्माण कार्य एवं सुशासन तिहार में आवेदनों के निराकरण के संबंध में जानकारी ली।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने प्लेसमेंट कर्मचारी अटेंडेंस रजिस्टर और लेखा शाखा के रजिस्टर की जांच की। गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और निर्देश दिया कि जो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका का काम ठीक तरीके से हो, कर्मचारी कार्य दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, और बिना सूचना के अनुपस्थित ना रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने नगर पालिका परिसर में बन रहे अटल परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पालिका अध्यक्ष, पार्षदों और अधिकारियों के साथ चल रहे निर्माण का जायजा लिया गया है। उन्होंने कहा कि 30 मई तक अटल परिसर का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि कुम्हारी नगर पालिका में अमृत मिशन का कार्य चल रहा है, जिसे और तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ कुम्हारी की जनता को समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार नगरीय निकायों को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नगरीय सेवाएं सुव्यवस्थित हों, और हमारा शहर स्वच्छ व सुंदर बने, इसके लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page