
,,बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लिया लाभ, सरपंच भरत कश्यप बोले—“जनभागीदारी से मिली सफलता”
जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़िया में राजस्व पखवाड़ा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामवासियों की राजस्व संबंधी विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर इसका लाभ उठाया।
इस शिविर के दौरान जमीन से जुड़े मामलों जैसे नाम जोड़ने एवं काटने, राशन कार्ड निर्माण व संशोधन, तथा पेंशन योजनाओं में नाम जुड़वाने जैसी समस्याओं पर मौके पर ही मार्गदर्शन एवं समाधान प्रदान किया गया। प्रशासन के संबंधित अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका निराकरण किया।
ग्राम गढ़िया के सरपंच भरत कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में अपेक्षा से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली, जो जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पूर्व सूचना देकर आधार कार्ड, पट्टा, मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ बुलाया गया था, जिससे कार्यों का त्वरित निष्पादन संभव हो सका।
सरपंच भरत कश्यप ने इस आयोजन को जनहित में एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन आम जनता की समस्याओं के समाधान में अत्यंत सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी इसी तरह के प्रयासों से ग्रामीणों को राहत मिलती रहेगी और प्रशासन व जनता के बीच बेहतर समन्वय बना रहेगा।




