रायपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती, 200 से अधिक स्कूल बसों की हुई जांच

रायपुर,19 जुलाई 2026
राजधानी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान चलाते हुए 200 से अधिक स्कूल बसों की व्यापक जांच की। रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित इस अभियान के दौरान बसों की मैकेनिकल फिटनेस और सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान ब्रेक, स्टीयरिंग, टायर, फायर सेफ्टी उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर समेत सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई, ताकि छात्रों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
इसके साथ ही बस चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया, जिसमें आई टेस्ट शामिल था। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन बसों में तकनीकी खामियां या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य “सुरक्षित स्कूल बस, सुरक्षित सफर” सुनिश्चित करना है, ताकि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और अभिभावकों का भरोसा और मजबूत बने।




