ग्राम करंदोला में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, शोभायात्रा और प्रतियोगिताओं ने बांधा समां


” शोभायात्रा और प्रतियोगिताओं ने बांधा समां”
बस्तर,भानपुरी/ 16 अगस्त।
जिले के ग्राम करंदोला में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही भव्य और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। ग्राम सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गांववासियों और युवाओं का विशेष सहयोग रहा, जिसके कारण पूरा आयोजन उल्लास और आस्था से ओतप्रोत रहा।
सुबह से ही गांव में पर्व जैसा माहौल देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में ग्रामीणजन कलश यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर कल्याण आश्रम तक निकली। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और स्वागत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया, जबकि “हरे कृष्णा-हरे रामा” और “राधे-राधे” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कल्याण आश्रम पहुंचते ही आतिशबाजी ने उत्सव को और रंगीन बना दिया। इसके बाद बच्चों के लिए राधा-कृष्ण वेशभूषा और क्विज जैसी सांस्कृतिक व धार्मिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता बच्चों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।
उत्सव का सबसे रोमांचक हिस्सा रहा मटका फोड़, रस्साकशी और दही हांडी प्रतियोगिता। खास बात यह रही कि रस्साकशी प्रतियोगिता में बस्तर जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने भी भाग लिया और युवाओं के उत्साह को और बढ़ाया।
रात्रि में भजन-कीर्तन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों व मंडलियों ने श्रीकृष्ण भक्ति से सराबोर गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
पूरे आयोजन में भानपुरी पुलिस ने सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था कर विशेष सहयोग प्रदान किया। करंदोला का यह जन्मोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक उत्साह का भी परिचायक बन गया।




