मिडिल ईस्ट में महायुद्ध की आहट! Israel-United States का Iran पर एयर स्ट्राइक, दोनों देशों में इमरजेंसी; Iraq ने बंद किया एयरस्पेस

तेहरान/तेल अवीव, 28 फरवरी 2026।
मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजरायल ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर बड़ा हवाई हमला किया है। हमले के बाद ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई और आसमान में धुएं के गुबार उठते देखे गए।
सूत्रों के मुताबिक, इजरायली एयरफोर्स ने एक साथ कई ठिकानों को निशाना बनाया। दावा किया जा रहा है कि हमले बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए किए गए। बताया गया है कि कुछ हमले ईरान के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े संवेदनशील इलाकों के आसपास हुए। हालांकि, ईरान के सर्वोच्च नेता वहां मौजूद नहीं थे।
दोनों देशों में इमरजेंसी लागू
हमले के तुरंत बाद ईरान में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी गई। जवाबी कार्रवाई की आशंका के चलते इजरायल ने भी पूरे देश में इमरजेंसी लागू कर दी है। तेल अवीव सहित कई शहरों में सायरन बजाए गए और लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर जाने के निर्देश दिए गए।
इजरायली रक्षा बलों ने नागरिकों से कहा है कि वे होम फ्रंट कमांड के आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और गैर-जरूरी दफ्तरों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है।
परमाणु मुद्दे पर बढ़ा टकराव
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर तनाव जारी है। अमेरिका लंबे समय से ईरान पर यूरेनियम संवर्धन रोकने का दबाव बना रहा है, जबकि ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।
इराक ने बंद किया एयरस्पेस
क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए इराक ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग बदले जा रहे हैं।
मध्य-पूर्व में बढ़ते इस सैन्य टकराव ने वैश्विक समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात नहीं संभले तो यह संघर्ष व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है।




