छत्तीसगढ़जगदलपुर

इंद्रावती से जल लेकर देवड़ा पहुंचे शिवभक्त, झाड़ेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

जगदलपुर,12 अगस्त 2026

सावन माह के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में ग्राम पंचायत टलनार से झाड़ेश्वर महादेव मंदिर देवड़ा तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। इंद्रावती नदी से पवित्र जल लेकर निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, बजरंग दल कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी की सहभागिता रही। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंजता रहा।

कांवड़ियों ने इंद्रावती नदी से विधिवत पवित्र जल भरा और उसे कांवड़ में धारण कर पैदल झाड़ेश्वर महादेव मंदिर देवड़ा के लिए रवाना हुए। यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। तारापुर, टलनार और बनियागांव क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।

यात्रा में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री रवि ब्रह्मचारी, विभाग सह मंत्री श्रीनिवास रेड्डी, जिला अध्यक्ष शंकरलाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रेम चालकी, जागेश्वर साहू, जिला मंत्री नवीन देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जबिता मांडवी, जिला संयोजक विष्णु ठाकुर और जिला सत्संग प्रमुख सोमसिंग ठाकुर सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्राम पंचायत टलनार के सरपंच गंगा राम कश्यप सहित ग्रामीणों ने भी कांवड़ यात्रा में सहभागिता की।

पवित्र जल से किया महादेव का अभिषेक

कांवड़ यात्रा के झाड़ेश्वर महादेव मंदिर देवड़ा पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने इंद्रावती नदी से लाए गए पवित्र जल से भगवान झाड़ेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना के साथ सामाजिक एकता और सेवा भावना को भी मजबूती मिलती है।

आयोजकों ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीणों, मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar