कलेक्टर जनदर्शन में आमजन की समस्याओं का हुआ संवेदनशील समाधान

,,त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए अधिकारियों को कलेक्टर ने दिए स्पष्ट निर्देश,,
जगदलपुर, 16 फरवरी 2026/ जिला कलेक्टोरेट स्थित ‘आस्था’ कक्ष में सोमवार को साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया, जहाँ कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले के विभिन्न अंचलों से पहुँचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनदर्शन के दौरान कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से राजस्व, विकास कार्यों एवं व्यक्तिगत प्रकृति की समस्याएँ शामिल रहीं।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनदर्शन में प्रस्तुत आवेदनों में राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार, भूमि बंदोबस्त, आपसी सहमति से भूमि अदला-बदली तथा लंबे समय से लंबित भूमि विवादों के निराकरण से संबंधित मांगें प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त, बुनियादी सुविधाओं के अंतर्गत नाली निर्माण, पेयजल की उचित व्यवस्था एवं दुकान आबंटन जैसे महत्वपूर्ण विषय भी कलेक्टर के संज्ञान में लाए गए।
सामाजिक सुरक्षा एवं नियुक्ति से जुड़े मामलों में आधार कार्ड संशोधन तथा पटवारी अनुकंपा नियुक्ति के आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया। वहीं, कुछ नागरिकों द्वारा सार्वजनिक एवं निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराते हुए त्वरित बेदखली की कार्रवाई की मांग भी की गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीपी बघेल, संयुक्त कलेक्टर एआर राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनदर्शन शासन और आमजन के बीच सेतु का कार्य करता है, जिसका मूल उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना और उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान करना है।
कलेक्टर ने सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।




