छत्तीसगढ़

रायपुर में सनसनीखेज डबल मर्डर: पूर्व पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी और सौतेली बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि गुलाब साहू ने करीब चार साल पहले लता साहू से दूसरी शादी की थी। लता की 22 वर्षीय बेटी चित्रा उसकी पहली शादी से थी।

जानकारी के मुताबिक, चित्रा का किसी युवक के साथ आना-जाना था, जिसे लेकर आरोपी अक्सर नाराज रहता था। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद होता था। मंगलवार सुबह भी इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई।

गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से पहले सौतेली बेटी चित्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। जब पत्नी लता बीच-बचाव करने आई तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

इस हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar