
जगदलपुर, 08 अप्रैल 2026: बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप के पैतृक गृह ग्राम कुम्हरावंड झरनीगुड़ा में आयोजित ‘श्री राम भक्त हनुमान जी’ के त्रिदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का दूसरा दिन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।
दूसरे दिन वैदिक विद्वानों की उपस्थिति में ‘मूर्ति अधिवास’ और विशेष पूजन विधि सम्पन्न हुआ। पूरे ग्राम क्षेत्र में जय श्री राम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा, जिससे भव्य आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
सांसद महेश कश्यप ने पहले दिन अपने परिवार के साथ बस्तर की प्राचीन और जीवनदायिनी इंद्रावती नदी सहित देश की कुल 21 पवित्र नदियों के जल से नव स्थापित हनुमान प्रतिमा का महा जलाभिषेक किया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ मार्गदर्शक केदार कश्यप भी उपस्थित रहे। उन्होंने सांसद के परिवार का अभिनंदन किया और शुभकामनाएं प्रेषित की।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि नदियों के पवित्र जल और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न यह अनुष्ठान मन को असीम शांति प्रदान करता है। उन्होंने हनुमान जी के श्रीचरणों में पूरे क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और बस्तर की प्रगति की कामना की।
सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। समारोह का अंतिम दिन कल प्रतिमा की अंतिम प्राण प्रतिष्ठा और विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा।




