
जगदलपुर, 9 जुलाई 2026
भारत स्काउट एवं गाइड जिला बस्तर के जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर एवं जिला संरक्षक आकाश छिकारा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ और स्काउट-गाइड का स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक के दौरान सुरेश गुप्ता ने जिले में संचालित स्काउट-गाइड गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र प्रेम जैसे मूल्यों का विकास किया जा रहा है। नए शिक्षा सत्र में अधिक से अधिक विद्यालयों और विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला स्काउट एवं गाइड कार्यालय के लिए स्थायी भवन उपलब्ध कराने तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म मद में बजट आबंटित करने संबंधी ज्ञापन भी कलेक्टर को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन सुविधाओं से जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्काउट-गाइड द्वारा किए जा रहे समाजोपयोगी कार्यों और व्यक्तित्व निर्माण की सराहना करते हुए सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड जैसी संस्थाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और जिला प्रशासन ऐसे रचनात्मक प्रयासों को हमेशा प्रोत्साहित करेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से बस्तर में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई गति मिलेगी और अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण तथा समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल, परमेश राजा, सूर्य भूषण सिंह, सुधा परमार, मनोज महापात्र, दसरू राम यादव, जयप्रकाश पाठक, लिलेश देवांगन, मीरा हिरवानी, जमुना ठाकुर, गोपेंद्र सिंह शार्दुल, विजय चंद्राकर सहित स्काउट-गाइड के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।




