छत्तीसगढ़महासमुंद

महासमुंद में 5 दिन में 1.47 करोड़ कैश जब्त: ओडिशा से आ रही गाड़ियों में 500-500 के नोटों के बंडल मिले, रायपुर का व्यापारी भी शामिल; 2 लग्जरी कार सीज

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बीते 5 दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। यह रकम अलग-अलग मामलों में ओडिशा से छत्तीसगढ़ आ रही गाड़ियों से बरामद हुई। खास बात यह है कि सभी मामलों में संबंधित लोग इतनी बड़ी नकदी के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा पर सख्त चेकिंग के दौरान ये कार्रवाई की। जब्त नकदी को आगे की जांच के लिए इनकम टैक्स विभाग को सौंप दिया गया है। साथ ही 2 लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हवाला लेन-देन से जुड़ा होने की आशंका भी जताई जा रही है।

चार अलग-अलग मामलों में हुई बड़ी जब्ती

  • 16 मार्च (कोमाखान थाना) – ओडिशा निवासी महाप्रज्ञ जैन से 75 लाख रुपए कैश
  • 19 मार्च (पटेवा थाना) – मोहित आनंद से 25 लाख रुपए कैश
  • 20 मार्च (बलौदा थाना) – केशव अग्रवाल से 15 लाख रुपए कैश
  • 20 मार्च (बसना थाना) – रायपुर निवासी आशु बंसल से 32.50 लाख रुपए कैश

500-500 के नोटों के बंडल मिले

जांच के दौरान कई मामलों में 500-500 रुपए के नोटों के बंडल पाए गए। पटेवा थाना क्षेत्र में पकड़े गए मामले में तो 50 बंडल बरामद हुए।

रायपुर कनेक्शन भी सामने आया

बसना क्षेत्र में पकड़ी गई कार से 32.50 लाख रुपए मिले, जिसमें रायपुर का व्यापारी आशु बंसल सवार था। वहीं कोमाखान में पकड़े गए 75 लाख रुपए को लेकर पूछताछ में सामने आया कि यह रकम रायपुर के सोना-चांदी व्यापारियों को दी जानी थी।

दस्तावेज नहीं, संतोषजनक जवाब भी नहीं

चारों मामलों में आरोपियों से जब नकदी के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने BNS की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए नकदी और वाहनों को जब्त कर लिया।

IT विभाग करेगा आगे की जांच

एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय के मुताबिक, इतनी बड़ी नकदी के लेन-देन की विस्तृत जांच अब इनकम टैक्स विभाग द्वारा की जाएगी। फिलहाल सभी मामलों में पूछताछ जारी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar