नेशनल हाईवे में यात्रियों के लिए राहत: टोल टैक्स घटा, 15 नवंबर से यूपीआई पेमेंट पर केवल 1.25% चार्ज

रायपुर, 06 अक्टूबर 2025: नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने छत्तीसगढ़ समेत देशभर के टोल प्लाजा पर टोल टैक्स दरों में कटौती की है। इसके तहत कार, बस और ट्रक के टोल में 5 से 20 रुपए तक की कमी की गई है।
छत्तीसगढ़ में 12 टोल प्लाजा पर कार का टोल 5 रुपए कम हुआ है, जबकि बस के लिए 10 टोल प्लाजा में 10 रुपए, 11 प्लाजा में 5 रुपए और एक प्लाजा में 20 रुपए की कटौती की गई है। अन्य टोल प्लाजा पर भी अगले सप्ताह तक नई दरें लागू कर दी जाएंगी।
एनएचएआई ने फास्टैग उपयोग में भी बदलाव किए हैं। अब फास्टैग रिचार्ज खत्म होने पर वाहन चालकों को दोगुना चार्ज नहीं देना होगा। 15 नवंबर से यूपीआई से भुगतान करने पर केवल 1.25% चार्ज कटेगा।
नई दरें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर समेत राज्य के प्रमुख क्षेत्रों में रोजाना यात्रा करने वाले हजारों वाहन चालकों को फायदा पहुंचाएंगी। इससे परिवहन लागत घटेगी और वस्तुओं की कीमतों में संभावित गिरावट आएगी।
छत्तीसगढ़ में 20 राष्ट्रीय राजमार्ग हैं, जिनमें 24 टोल प्लाजा संचालित होते हैं। अब यूपीआई सिस्टम लागू होने से फास्टैग मशीन खराब होने या रिचार्ज न होने पर भी लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी।
केंद्र सरकार ने नेशनल हाईवे फीस नियम 2008 में संशोधन करते हुए तय किया है कि अगर कोई वाहन बिना फास्टैग टोल पर नकद भुगतान करता है तो उसे डबल टोल देना होगा। वहीं, यूपीआई से पेमेंट करने पर केवल 1.25 गुना चार्ज लगेगा।
प्रदेशभर में सालाना 3000 रुपए का पास धारक वाहन चालकों पर यह छूट लागू नहीं होगी। पासधारी वाहन एक साल या 200 यात्रा तक टोल क्रॉस कर सकते हैं, जिससे प्रति यात्रा औसत लागत 15 रुपए तक आ रही है और टोल शुल्क में 70% तक बचत हो रही है।




