बारिश से संकट में फंसे बकावंड के ग्रामीण : जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे की अगुवाई में हुआ राहत वितरण, प्रशासन ने दिलाया हरसंभव मदद का भरोसा

“बस्तर में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त : बकावंड के डुरकाटोंगा पार में प्रशासन ने पहुँचाई राहत, ग्रामीणों को बांटे राशन, कंबल और कपड़े”
डमरू कश्यप,बकावंड, 05 सितंबर 2025 हाल ही में बस्तर में हुई भारी बारिश से बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायत छिदीगांव-2 के आश्रित पारा डुरकाटोंगा पार क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ। पानी भरने से कई घरों और दैनिक जीवन पर गहरा असर पड़ा।
इस बीच जिला प्रशासन ने तत्काल राहत पहुँचाते हुए सहायता शिविर के माध्यम से प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री, कंबल और कपड़े वितरित किए। उक्त राहत शिविर कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष तरुण कुमार पांडे और जनपद सीईओ पारेश्वर कुर्रे भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर न केवल सामग्री वितरण किया, बल्कि ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इसी कड़ी में ग्राम पंचायत छिदीगांव-2भाग के डुरकाटोंगा पार में तत्काल शिविर लगाया गया। इस दौरान पानी का छिड़काव, साफ-सफाई और हेडपंप की मरम्मत कर ग्रामीणों को राहत पहुँचाई गई।
ग्रामीणों ने राहत सामग्री और शिविर की व्यवस्था मिलने पर संतोष जताया और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि मुश्किल समय में यह सहयोग उनके लिए बड़ी मदद साबित हुआ है।




