रायपुर: कोयला घोटाला मामला—सौम्या चौरसिया के निजी सचिव जयचंद कोसले गिरफ्तार, EOW ने 14 दिन की पुलिस रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया

रायपुर। कोयला घोटाले की जांच में ईओडब्ल्यू (EOW) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की उप सचिव सौम्या चौरसिया के निजी सचिव जयचंद कोसले को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि जयचंद ने कोयला घोटाले से 50 करोड़ रुपए तक की कमाई कर, सौम्या चौरसिया तक अवैध धन पहुँचाया।
ईओडब्ल्यू ने जयचंद के रायपुर और अकलतरा स्थित घरों पर दबिश दी। देर रात तक कार्रवाई जारी रही। जांच में सामने आया कि अवैध कोयला परिवहन से मिलने वाला पैसा जयचंद के जरिए सौम्या तक पहुँचता था। जयचंद ने अपने नाम पर रायपुर के सेजबहार कॉलोनी में आलीशान मकान और अकलतरा के अंबेडकर चौक के पास पैतृक घर सहित करोड़ों की संपत्ति बनाई।
ईओडब्ल्यू ने आरोपी को ACB/EOW की विशेष कोर्ट में पेश किया, जहाँ 14 दिन की पुलिस रिमांड का आवेदन दिया गया। जयचंद से पहले भी ईडी (ED) ने कई बार पूछताछ की थी। जयचंद लंबे समय से जांच एजेंसी की निगरानी में था और सौम्या चौरसिया का करीबी माना जाता था।
यह गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल पैदा कर सकती है, क्योंकि मामला सीधे पूर्व मुख्यमंत्री की टीम से जुड़ा है।




