छत्तीसगढ़

प्रश्नकाल में आज उठेंगे खनन, फिटनेस परमिट और अवैध कब्जों के सवाल: नेशनल हेराल्ड विज्ञापन और स्मार्ट सिटी खर्च पर भी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज प्रश्नकाल के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खनन, ओवरलोडिंग, फिटनेस परमिट, सहकारिता, राजस्व और वन विभाग से जुड़े मामलों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। साथ ही सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों और आयरन ओर के खनन व परिवहन की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सदन में सवाल उठ सकते हैं।

विधानसभा में विधायकों द्वारा आयरन ओर खनन से जुड़े नियमों, परिवहन व्यवस्था और मॉनिटरिंग सिस्टम पर सरकार से जानकारी मांगी जाएगी। इसके अलावा परिवहन विभाग से जुड़े फिटनेस परमिट और ओवरलोडिंग के मामलों पर भी सरकार को जवाब देना पड़ सकता है। वहीं वन विभाग से संबंधित प्रश्नों में बिगड़े वनों को सुधारने की योजनाओं और उनकी कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है।

नेशनल हेराल्ड को दिए विज्ञापन पर भी उठेगा मुद्दा

सदन में भाजपा विधायक रेणुका सिंह नेशनल हेराल्ड को दिए गए विज्ञापनों का मुद्दा भी उठा सकती हैं। इस मामले में सरकार से यह पूछा जाएगा कि किन परिस्थितियों में और किस प्रक्रिया के तहत इन विज्ञापनों को जारी किया गया।

रायपुर स्मार्ट सिटी के सौंदर्यीकरण पर ध्यानाकर्षण

ध्यानाकर्षण के दौरान रायपुर स्मार्ट सिटी में सौंदर्यीकरण के नाम पर अनियमितताओं का मुद्दा भी उठने की संभावना है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक और धर्मजीत सिंह इस विषय पर नगरीय प्रशासन मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। विधायक योजना के तहत किए गए कार्यों, खर्च और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठा सकते हैं।

सिरपुर महोत्सव के खर्च पर भी सवाल

विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आयोजन में हुए आय-व्यय का मुद्दा भी सदन में उठाएंगे। आयोजन पर हुए खर्च और प्रशासनिक प्रबंधन को लेकर सरकार से जानकारी मांगी जा सकती है।

अनुदान मांगों पर होगी चर्चा

सदन में 10 मार्च को बजट की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। इस दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों से संबंधित अनुदान मांगों पर विचार किया जाएगा। विधायकों द्वारा इन विभागों की योजनाओं और कामकाज को लेकर सवाल उठाए जाने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar