नगर पंचायत बस्तर में सियासी घमासान: नेता प्रतिपक्ष ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पर भेदभाव का आरोप लगाया

बस्तर.! नगर पंचायत बस्तर में सियासी बवाल तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष समीर मिश्रा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर भाजपा समर्थित पार्षदों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। मिश्रा का कहना है कि दोनों नेता हारे हुए पार्षद प्रत्याशी के साथ मिलकर भाजपा समर्थित पार्षदों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि नगर पंचायत में वार्ड वार सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है, लेकिन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाजपा समर्थित पार्षदों को जानकारी दिए बिना हारे हुए पार्षदों के साथ निरीक्षण कर फोटो खिंचवा रहे हैं। मिश्रा ने इसे एक राजनीतिक साजिश करार दिया और कहा कि इसका उद्देश्य भाजपा समर्थित पार्षदों को कमजोर करना है।
समीर मिश्रा ने मांग की है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर काम करें और सभी पार्षदों की भूमिका का सम्मान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
यह मामला नगर पंचायत बस्तर में सियासी तनाव को और बढ़ा सकता है, क्योंकि पार्षद और नेता प्रतिपक्ष इस मुद्दे को लेकर सख्त हैं।




