देश-विदेश

सिक्किम में PM मोदी का ‘फुटबॉल मोमेंट’: युवाओं संग मैदान में उतरे, गोल कर मनाया जश्न; बंगाल चुनाव के बाद दिखा अलग अंदाज

गंगटोक। पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री Narendra Modi का एक अलग ही अंदाज सिक्किम में देखने को मिला। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी मंगलवार सुबह गंगटोक में युवाओं के बीच पहुंचे और उनके साथ फुटबॉल खेलते नजर आए। इस दौरान उन्होंने गोल भी किया और खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाया।

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि सिक्किम की सुहानी सुबह में युवा साथियों के साथ फुटबॉल खेलने का अनुभव बेहद खास रहा। तस्वीरों में वे पूरी ऊर्जा के साथ खेलते और युवाओं से बातचीत करते दिखाई दिए।

दरअसल, बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार थमने के बाद पीएम मोदी सिक्किम पहुंचे हैं। यहां वे राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही 4,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

सोमवार शाम गंगटोक में पीएम मोदी ने रोड शो भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों में पीएम की एक झलक पाने के लिए खासा उत्साह देखा गया। सिक्किम दौरे के दौरान पारंपरिक लेपचा पोशाक में उनका स्वागत किया गया।

यह दौरा जहां विकास योजनाओं को लेकर अहम है, वहीं युवाओं के साथ मैदान में उतरकर पीएम मोदी ने एक अलग और सहज जुड़ाव का संदेश भी दिया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar