PM मातृ वंदना योजना में छत्तीसगढ़ नंबर-1: सिर्फ 9 दिन में पूरा किया 72% लक्ष्य

रायपुर, 28 जून 2026
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत 15 जून से 15 जुलाई तक चल रहे विशेष पंजीयन अभियान में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। राज्य ने अभियान के शुरुआती सिर्फ 9 दिनों में 72 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धि दर्ज की है।
राज्य ने हितग्राहियों के पंजीयन के साथ-साथ प्री-रजिस्टर्ड हितग्राहियों के निराकरण में भी देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस सफलता का श्रेय महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों को दिया गया है।
अभियान में जांजगीर-चांपा जिला ने 96 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले का प्रदर्शन मातृ एवं शिशु कल्याण के प्रति प्रभावी कार्यप्रणाली और सक्रियता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पहली जीवित संतान के जन्म पर पात्र महिलाओं को 5,000 रुपये तथा दूसरी संतान के रूप में बालिका के जन्म पर 6,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और सुरक्षित मातृत्व के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और मैदानी अमले को बधाई देते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ जल्द ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर देश के लिए आदर्श मॉडल बनेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों और सतत निगरानी का परिणाम है। उन्होंने प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं से 15 जुलाई तक अपना पंजीयन कराने की अपील की, ताकि वे योजना का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें।




