बस्तर ओलंपिक का जोश : खिलाड़ी दिखा रहे दमखम, दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ


“सांसद महेश कश्यप बोले – खेल को कैरियर बनाने दिखाएं अपनी श्रेष्ठतम प्रतिभा”

जगदलपुर, 06 नवम्बर 2025। बस्तर ओलंपिक के तहत विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ बस्तर विकासखंड मुख्यालय में हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में बस्तर के ग्राम पंचायतों व नगर पंचायत क्षेत्र से गठित 8 जोनों के लगभग 688 खिलाड़ी उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं और मैदान में अपने जोश व कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद महेश कश्यप ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के अनुसार खेल को भी कैरियर बनाने के लिए पूरी मेहनत और लगन से श्रेष्ठ प्रतिभा दिखाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने पिछले वर्ष बस्तर ओलंपिक की शुरुआत कर युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर दिया था। तब करीब 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 लाख से अधिक हो गई है।
सांसद कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा है बल्कि सामाजिक समरसता और “अनेकता में एकता” की भावना को भी मजबूत कर रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप और जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता बस्तर की युवा ऊर्जा और नई दिशा का प्रतीक है।
आयोजकों ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलंपिक में कुल 11 प्रकार की सामूहिक और एकल खेल स्पर्धाएं रखी गई हैं, जिनमें सीनियर व जूनियर वर्ग के महिला-पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ सीईओ जनपद पंचायत भानुप्रताप चुरेन्द्र, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तरुण पाल लहरे, बीईओ भारती देवांगन, बीआरसी अजम्बर कोर्राम, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नागरिक मौजूद रहे।




