छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

जिला स्तरीय कोया करसाड़ उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, सांस्कृतिक रंग में रंगा किलेपाल

,,बास्तानार के किलेपाल में आयोजित वार्षिक उत्सव में शामिल हुए पूर्व विधायक राजमन बेंजाम, कोया समाज की एकता और परंपरा की हुई सराहना,,


बास्तानार/किलेपाल।
बास्तानार विकासखंड के ग्राम किलेपाल में कोया समाज द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कोया करसाड़ (वार्षिक उत्सव) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उत्सव में जिलेभर से कोया समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय माहौल में नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राजमन बेंजाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।
कोया करसाड़ उत्सव कोया समाज की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता एवं पारंपरिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक माना जाता है। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों द्वारा लोकनृत्य, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। ढोल-मांदर की थाप पर थिरकते कदमों ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व विधायक राजमन बेंजाम ने कहा कि
“ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। इससे नई पीढ़ी अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है। कोया समाज की एकता, अनुशासन और सामाजिक चेतना सराहनीय है।”
उन्होंने समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए निरंतर सहयोग की बात कही तथा समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक चर्चा, आपसी संवाद और सामूहिक सहभागिता ने कोया समाज की मजबूत एकजुटता को दर्शाया। आयोजन समिति द्वारा पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भाईचारे, सौहार्द और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण बना रहा। जिला स्तरीय कोया करसाड़ उत्सव समाज की परंपरा और पहचान को सहेजने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar