खोटलापाल व करमरी शक्ति केंद्रों में भाजपा की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न,21 दिसंबर को ग्राम मूली में विधानसभा स्तरीय एसआईआर सम्मेलन की दी गई जानकारी


“21 दिसंबर को ग्राम मूली में विधानसभा स्तरीय एसआईआर सम्मेलन की दी गई जानकारी”
बस्तर। भारतीय जनता पार्टी जिला महामंत्री एवं बस्तर मंडल प्रभारी परीस बेसरा ने बस्तर मंडल के खोटलापाल एवं करमरी शक्ति केंद्रों में पहुंचकर संगठनात्मक सशक्तिकरण एवं संगठन शुद्धिकरण को लेकर विभिन्न स्तर की बैठकों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान एसआईआर (विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण) को लेकर शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक, बूथ प्रभारी, बीएलओ-02 सहित कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत संगठनात्मक चर्चा की गई।
श्री बेसरा ने कहा कि बूथ और मंडल के बीच शक्ति केंद्र सेतु का कार्य करता है। जब शक्ति केंद्र मजबूत होंगे, तब बूथ भी सशक्त होंगे और हर बूथ की मजबूती से संगठन की विजय की मजबूत नींव तैयार होगी। उन्होंने संगठन के पूर्व पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करते हुए सुनियोजित कार्ययोजना बनाने पर विशेष जोर दिया।
विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत बीएलओ-02, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक एवं बूथ अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाता सूची के शुद्धिकरण, बूथ सशक्तिकरण तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर 21 दिसंबर, रविवार को बस्तर विधानसभा स्तरीय एसआईआर सम्मेलन ग्राम मूली में आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। सम्मेलन में शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, संयोजक, सहसंयोजक, बीएलओ-02 सहित जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष रामानंद मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कांतिबाई मौर्य, जनपद सदस्य गजेंद्री बघेल, फूलसिंह मौर्य, किरण सेठिया सहित सरपंच, उपसरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया, वहीं आगामी एसआईआर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया गया।




