AI को अपनाने वाले ही भविष्य का नेतृत्व करेंगे: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं को दिया नवाचार का मंत्र

रायपुर, 26 जून 2026
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाने वाले ही भविष्य का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों से डरने के बजाय उन्हें अपने करियर और भविष्य के निर्माण का सबसे बड़ा अवसर मानें।
महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (MAIC) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन “Artificial Intelligence & Digital Transformation: Opportunities, Challenges and Future Impact” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए वित्त मंत्री ने कहा कि आज दुनिया ज्ञान, तकनीक और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रही है। भारत का स्वर्णिम इतिहास भी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार की मजबूत नींव पर आधारित रहा है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के सफल उद्योगपति और उद्यमी नवाचार के दम पर अपनी पहचान बना रहे हैं। एलन मस्क, एनवीडिया और एप्पल जैसी कंपनियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक की ताकत इतनी बढ़ चुकी है कि कई टेक कंपनियों का मूल्यांकन कई देशों की अर्थव्यवस्था से भी अधिक है। ऐसे में युवाओं को समय रहते तकनीकी बदलाव के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा।
वित्त मंत्री ने कहा, “जो AI को अपनाएगा वही भविष्य का नेतृत्व करेगा, जो इससे दूर भागेगा वह प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई कई कार्यों को आसान बना सकता है, लेकिन मानवीय संवेदनशीलता, करुणा और मानवीय स्पर्श का विकल्प कभी नहीं बन सकता। इसलिए युवाओं को स्वास्थ्य, नर्सिंग और अन्य सेवा क्षेत्रों में भी अपनी भूमिका मजबूत करनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया। साथ ही बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 विजन से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047” पर कार्य कर रही है। इसके तहत नवा रायपुर को तकनीक और नवाचार के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां सेमीकंडक्टर यूनिट, AI डेटा सेंटर और ट्रिपल आईटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में श्री चौधरी ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन और आयोजकों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के युवा तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे।




