निलंबित शिक्षकों की बहाली पर नई व्यवस्था: अब शिक्षक-विहीन और एकल शिक्षकीय विद्यालयों में होगी पदस्थापना

रायपुर,! छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय ने निलंबित कर्मचारियों की बहाली के बाद उनकी पदस्थापना के लिए नई व्यवस्था लागू की है। संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अब बहाल किए गए शिक्षकों और कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर उन विद्यालयों में पदस्थ किया जाएगा, जहां शिक्षक नहीं हैं या केवल एक ही शिक्षक कार्यरत है।
संचालक लोक शिक्षण ने राज्य के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षक-विहीन एवं एकल शिक्षकीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए बहाल कर्मचारियों की तैनाती वहीं की जाए।
आदेश में कहा गया है कि अब तक निलंबन से बहाल किए गए कर्मचारियों की पदस्थापना अन्य विद्यालयों में की जा रही थी, जबकि कई विद्यालय ऐसे हैं जहाँ शिक्षकों की भारी कमी है। संचालनालय ने इसे अव्यवहारिक बताते हुए सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
इस निर्णय से प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण तथा दूरस्थ अंचलों के विद्यालयों में शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।




