छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

,,जगदलपुर में विकास की नई राह,,

,,4.81 करोड़ की लागत से विद्युत यांत्रिकी कर्मशाला से जिया डेरा गीदम रोड का होगा कायाकल्प,,

जगदलपुर, 19 फरवरी 2026। बस्तर संभाग के हृदयस्थल जगदलपुर में आधारभूत संरचनाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। शहर की व्यस्ततम सड़कों में शामिल विद्युत यांत्रिकी कर्मशाला से जिया डेरा गीदम रोड तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भव्य भूमिपूजन गुरुवार को संपन्न हुआ।
इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य की आधारशिला जगदलपुर विधायक किरण देव ने अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रखी। लगभग 1.47 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर शासन द्वारा 4 करोड़ 81 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
लंबे समय से स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों द्वारा इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की जा रही थी। मार्ग के विकसित होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जाम और जर्जर सड़क से होने वाली समस्याओं से भी स्थायी राहत मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किरण देव ने कहा कि यह मार्ग शहर की जीवनरेखा के समान है। इसके चौड़ीकरण से व्यापार, आवागमन और नागरिक सुविधाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के कुशल नेतृत्व में जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।
श्री देव ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। शहर में कराए जा रहे सभी निर्माण कार्य जनता की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर बेबरज कारपोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव, पूर्व महापौर श्रीमती सफीरा साहू, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, श्रीमती कलावती कसेर, श्रीमती त्रिवेणी रंधारी, श्रीमती श्वेता बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत से क्षेत्रवासियों में हर्ष और संतोष का माहौल है। नागरिकों को उम्मीद है कि यह सड़क न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि जगदलपुर शहर के समग्र विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar