भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की नई पहल: अब Google India के साथ गूगल मैप्स पर मिलेंगे अधिकृत आधार केंद्र

लखनऊ। आधार सेवाओं को आम लोगों के लिए और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने गूगल इंडिया के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत लखनऊ के 175 अधिकृत आधार केंद्रों की लोकेशन अब गूगल मैप्स पर उपलब्ध कराई गई है।
प्रदेशभर में करीब 14 हजार अधिकृत आधार केंद्र हैं, जिनकी चरणबद्ध तरीके से गूगल मैपिंग की जाएगी। इससे नागरिक अपने नजदीकी आधार केंद्र तक आसानी से पहुंच सकेंगे और अनावश्यक भटकने से बचेंगे।
क्या मिलेगी सुविधा?
- गूगल मैप्स पर अधिकृत आधार केंद्रों की सटीक लोकेशन
- वयस्क और बाल नामांकन की जानकारी
- पता और मोबाइल नंबर अपडेट से जुड़ी सेवाओं का विवरण
- दिव्यांगजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी
- पार्किंग और संचालन समय की जानकारी
अभी केवल चुनिंदा केंद्रों को मैप से जोड़ा गया है, लेकिन आने वाले समय में सभी अधिकृत केंद्रों को इसमें शामिल किया जाएगा।
अपॉइंटमेंट बुकिंग की भी तैयारी
यूआईडीएआई के अधिकारियों के अनुसार, अगले चरण में गूगल बिजनेस प्रोफाइल के जरिए केंद्रों की जानकारी को अपडेट किया जाएगा और नागरिकों की प्रतिक्रिया का जवाब भी दिया जाएगा। भविष्य में गूगल मैप्स इंटरफेस के माध्यम से सीधे अपॉइंटमेंट बुकिंग की सुविधा शुरू करने की भी योजना है।
लोगों को क्या होगा फायदा?
इस पहल से:
- आधार केंद्र खोजने में आसानी होगी
- फर्जी और अनधिकृत केंद्रों से बचाव होगा
- सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी
UIDAI का कहना है कि आधार नंबर धारकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि उन्हें समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।




