नारायणपुर विधानसभा : वन मंत्री केदार कश्यप ने 91 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण


नारायणपुर विधानसभा : वन मंत्री केदार कश्यप ने 91 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण


जगदलपुर। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने करीब 91 लाख 80 हजार रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास से कांग्रेस को हमेशा तकलीफ रही है, यही कारण है कि पिछले पाँच सालों तक क्षेत्र विकास कार्यों से उपेक्षित रहा।
मंत्री कश्यप ने ग्राम पंचायत केशरपाल के दंतेश्वरी मंदिर पारा में 1-5 मी. पुलिया निर्माण (₹3.30 लाख), महतारी सदन निर्माण (₹30 लाख), ग्राम पंचायत बनियागांव में बाजार शेड निर्माण / सीसी कार्य / गार्बज डिस्पोजल (₹23.51 लाख), उच्च प्रा.शा. बनियागांव में अतिरिक्त कक्ष (₹8.07 लाख), ग्राम पंचायत नंदपुरा में आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र (₹10 लाख) और प्राथमिक शाला नंदपुरा में अतिरिक्त कक्ष निर्माण (₹8.07 लाख) जैसे कार्यों का भूमिपूजन किया।
सड़कों को संवारने का काम तेजी पर
जनसभा को संबोधित करते हुए वनमंत्री ने कहा कि साय सरकार में बस्तर की सड़कों को नया रूप दिया जा रहा है। नारायणपुर–कोंडागांव मार्ग का निर्माण जारी है। वहीं अंतागढ़–नारायणपुर और ओरछा–नारायणपुर सड़क के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले शासन में न तो नई सड़क बनी और न ही पुरानी सड़कों की मरम्मत हुई।
शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार
मंत्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बदहाल कर दिया था। लेकिन साय सरकार के आने के बाद बस्तर में विकास की रफ्तार तेज हुई है। अब तक 15 हजार प्रधानमंत्री आवास, 45 आंगनबाड़ी केंद्र, पीएससी भवन, नए स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा – “हमारा लक्ष्य है कि हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं समय पर पहुंचे। सड़क, पुलिया, शेड, हाई मास्ट लाइट और डिजिटल केंद्र जैसी योजनाएं ग्रामीण जीवन को सरल और सुरक्षित बनाएंगी। जनता की सुविधा ही हमारी प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दिवान, शकुंतला कश्यप, मंडल अध्यक्ष प्रवीण सांखला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।




