छत्तीसगढ़

गार्ड की सतर्कता से बच नहीं पाया ‘मुन्नाभाई’: JEE Mains में चप्पल से निकला मोबाइल

दुर्ग। JEE Mains परीक्षा में नकल का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छात्र चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र तक पहुंच गया। पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में आयोजित परीक्षा के दौरान गार्ड की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया।

जानकारी के मुताबिक, परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने पहले चेकिंग से बचने के लिए चालाकी दिखाई और चप्पल उतारकर अंदर चला गया। बाद में वॉशरूम जाने के बहाने बाहर निकला और वापस लौटते समय भी जांच से बचने की कोशिश की। लेकिन गार्ड को उसकी चाल पर शक हुआ।

जब गार्ड ने छात्र की चप्पल की जांच की तो अंदर से मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी ने चप्पल के तलवे को काटकर उसमें मोबाइल रखने के लिए खास जगह बना रखी थी, जिससे वह आसानी से नकल कर सके।

घटना की जानकारी तुरंत परीक्षा प्रबंधन और NTA अधिकारियों को दी गई। इसके बाद छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की अहमियत को एक बार फिर उजागर करती है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar