जगदलपुर में अवैध मोबाइल टावरों पर नगर निगम की सख्ती, शुरू हुआ जांच अभियान


बिना अनुमति लगाए गए टावर होंगे सील, कंपनियों पर लगेगा जुर्माना और दर्ज होंगे एफआईआर
जगदलपुर। नगर पालिका निगम जगदलपुर ने शहर में अवैध रूप से लगाए गए मोबाइल टावरों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए विशेष जांच अभियान की शुरुआत की है। बुधवार को महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा के निर्देश पर राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा, सहायक अभियंता दीपांशु देवांगन और समन्वयक सूर्यकांत निर्मलकर की उपस्थिति में शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान गुरु गोविंद सिंह वार्ड के बालाजी नगर क्षेत्र में एक अवैध मोबाइल टावर पाया गया, जिसमें रिलायंस जिओ का एंटीना लगा था और जो बिना किसी वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अवैध टावरों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने बताया कि अवैध रूप से लगाए गए टावरों को सील किया जाएगा, उनका बिजली कनेक्शन काटा जाएगा और संबंधित कंपनियों से जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही, नियमों के उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के टावर लगाना नगर निगम के नियमों का उल्लंघन है और इससे निगम को हर साल करोड़ों रुपए का नुकसान होता है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर कब और कितने टावर लगाए गए हैं, इसकी जानकारी तक निगम को नहीं है। इस कारण अब सभी वार्डों में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध टावरों की सूची तैयार की जा रही है।
नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई अवैध मोबाइल टावर लगा है, तो उसकी सूचना तत्काल निगम को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने साफ किया है कि अब बिना अनुमति लगाए गए किसी भी टावर को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।