छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

ग्रामीण अंचलों में नेटवर्क विस्तार को लेकर सांसदों ने दिए सख्त निर्देश

,,बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक में सांसद महेश कश्यप और भोजराज नाग हुए सक्रिय,,

जगदलपुर। ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में दूरसंचार सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से आज जगदलपुर स्थित अविनाश इंटरनेशनल में बीएसएनएल बस्तर परिक्षेत्र की दूरसंचार सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बस्तर सांसद एवं समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने की। इस अवसर पर कांकेर सांसद एवं समिति सदस्य भोजराज नाग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में बस्तर और कांकेर संसदीय क्षेत्रों की दूरसंचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क कवरेज बढ़ाने, नए मोबाइल टावरों की स्थापना, इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता सुधार, 4G सेवाओं के विस्तार तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे बैठक के प्रमुख एजेंडे रहे।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मजबूत और निर्बाध संचार व्यवस्था क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक कार्यों और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान प्रदान किया जाए।

कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में सशक्त कनेक्टिविटी से डिजिटल सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचेगा। इससे शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा और क्षेत्र के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायता मिलेगी।


बैठक में उपस्थित बीएसएनएल अधिकारियों ने जानकारी दी कि नेटवर्क अपग्रेडेशन और सेवा सुधार से संबंधित कार्य निरंतर प्रगति पर हैं। आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।


बैठक में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और स्पष्ट निर्देशों से यह संदेश गया कि बस्तर एवं कांकेर अंचल में दूरसंचार सुविधाओं को लेकर सरकार गंभीर है। उम्मीद की जा रही है कि इन प्रयासों से जल्द ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क समस्याओं से राहत मिलेगी और डिजिटल विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar