खेलछत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

“सांसद खेल महोत्सव का गरिमामय समापन”सांसद महेश कश्यप ने विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत, युवाओं से कहा—खेल के माध्यम से बनें राष्ट्र की शक्ति

“सांसद खेल महोत्सव का गरिमामय समापन”

जगदलपुर, 25 दिसम्बर 2025/स्थानीय धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का बुधवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की असली ताकत होती है। खेल युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाता है, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का विकास भी करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार खेलों और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सांसद श्री कश्यप ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि सुदूर ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों से छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी दिनों में क्रिकेट एवं फुटबॉल जैसी लोकप्रिय खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इस मंच से जुड़ सकें।
सुशासन दिवस के अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए सांसद ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर इस क्षेत्र को विकास की नई दिशा दी। उन्होंने गांव-गांव तक पक्की सड़कों का जाल बिछाया और आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए पृथक मंत्रालय की स्थापना की। सांसद ने कहा कि अटल जी के इन्हीं विचारों और योजनाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं—चाहे जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का निर्णय हो या देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास।
युवाओं को प्रेरित करते हुए सांसद श्री कश्यप ने कहा कि यह उम्र सपनों को साकार करने की होती है। यदि युवा सही दिशा में मेहनत करें तो वे न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। सरकार हर स्तर पर उन्हें सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य, सभी जनपद पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर हरिस एस., जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर एवं खेल-युवा कल्याण विभाग के प्रभारी अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल,उपायुक्त आदिवासी विकास गणेश सोरी, सहायक खेल अधिकारी वेद प्रकाश सोनी सहित जनप्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन ने न केवल युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि बस्तर की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है, जिन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देकर राष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सकती है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar