
जगदलपुर,30 जुलाई 2026
दिल्ली प्रवास के दौरान बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बस्तर अंचल के सड़क नेटवर्क के व्यापक विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास, व्यापारिक सुगमता और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सड़क परियोजनाओं से संबंधित एक विस्तृत पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपा।
सांसद महेश कश्यप ने पत्र में उल्लेख किया कि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और प्रभावी रणनीतियों के चलते नक्सलवाद पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित हुआ है। इससे बस्तर में विकास, नए उद्योगों की स्थापना, व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन संभावनाओं को गति देने के लिए आधुनिक सड़क नेटवर्क का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने जगदलपुर-नगरनार-ओडिशा सीमा मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग की, ताकि एनएमडीसी स्टील प्लांट से जुड़े परिवहन को सुगम बनाया जा सके। इसके अलावा जगदलपुर-दंतेवाड़ा-बीजापुर-भोपालपटनम-तेलंगाना सीमा तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को भी चार लेन में विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र के बीच व्यापार और आवागमन को मजबूती मिले।
सांसद ने विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात तक देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग को भी फोरलेन बनाने की मांग की। साथ ही जगदलपुर को भारतमाला परियोजना के आर्थिक गलियारों से जोड़ने, शहर में रिंग रोड और बायपास निर्माण तथा बस्तर संभाग के सभी जिला मुख्यालयों को उच्च गुणवत्ता वाले राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने के लिए विशेष विकास पैकेज स्वीकृत करने का आग्रह किया।
इसके अलावा उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, आवश्यक स्थानों पर पुल, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की आवश्यकता भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी।
सांसद महेश कश्यप ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के स्वीकृत होने से बस्तर में व्यापार, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र देश के विकास मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान बनाएगा।






