
जगदलपुर, 26 मार्च 2026। बस्तर जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने गुरुवार को बकावंड तहसील के बेलगांव और बनियागांव क्षेत्र में छापेमारी की।
जिला खनिज जांच दल ने छत्तीसगढ़-ओड़िशा सीमा पर स्थित भस्कली नदी में दबिश देकर अवैध उत्खनन का खुलासा किया। मौके पर भारी मशीनरी से रेत निकालते पाए जाने पर एक पोकलेन मशीन को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि रेत परिवहन में लगी एक हाईवा को जब्त कर नगरनार थाना की अभिरक्षा में सौंपा गया।
इस कार्रवाई में खनि अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी जागृत गायकवाड़, खनि सिपाही डिकेश्वर खरे सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सके।




