परचनपाल में 30 लाख की लागत से बनेगा महतारी सदन, बस्तर सांसद महेश कश्यप ने किया भूमिपूजन



जगदलपुर, 23 नवंबर 2025।
बस्तर ज़िले के परचनपाल ग्राम पंचायत में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले महतारी सदन का आज भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि महतारी सदन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से प्रेरित एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन तथा सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने इसे महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में “मजबूत आधार” बताया।
सांसद ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए तेज़ी से काम कर रही है। पहले चरण में 179 महतारी सदन स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत पहले प्रत्येक विकासखंड में और बाद में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन की स्थापना की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत तथा जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, परचनपाल के सरपंच, पंचगण, महिला स्व सहायता समूहों की सदस्याएं, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




