जगदलपुर में खेलों का महाकुंभ: आज से एथलेटिक्स मुकाबले, 102 पदकों पर होगी टक्कर

जगदलपुर, 29 मार्च 2026। बस्तर की वादियों में खेलों का जोश चरम पर है। ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के तहत सोमवार से धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आगाज होगा। रायपुर में भव्य उद्घाटन के बाद अब सभी की निगाहें जगदलपुर पर टिकी हैं, जहां देशभर से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे।
इस पहले संस्करण में 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 443 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का शुभंकर ‘मोर वीर’ जनजातीय युवाओं के साहस और ऊर्जा का प्रतीक बना हुआ है। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की मौजूदगी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई थी।
एथलेटिक्स में कुल 17 स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें 100 मीटर से लेकर 10,000 मीटर दौड़, हर्डल्स, रिले रेस, ऊंची और लंबी कूद शामिल हैं। पहले ही दिन डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और 110 मीटर हर्डल्स के फाइनल मुकाबले होंगे, जबकि शाम को 400 मीटर और रिले रेस के साथ पदक वितरण किया जाएगा। इस पूरे आयोजन में 102 पदकों के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ के 33 खिलाड़ी भी घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार हैं।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के 13 होटलों में ठहरने की व्यवस्था, एसी वाहनों से आवागमन, सुरक्षा, चिकित्सा और अग्निशमन की पुख्ता तैयारी की गई है। साथ ही पर्यटन विभाग खिलाड़ियों और अधिकारियों को बस्तर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराएगा।
भारतीय खेल प्राधिकरण के मार्गदर्शन में हो रहा यह आयोजन जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ-साथ बस्तर को एक उभरते खेल गंतव्य के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




