कोंडागांवछत्तीसगढ़

मर्दापाल में शराब दुकान विरोध: कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, चेतावनी दी पदयात्रा की

कोंडागांव, 03 अप्रैल 2026

कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मर्दापाल के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इस फैसले का कड़ा विरोध जताया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मर्दापाल क्षेत्र अभी भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। कई गांवों में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद शासन द्वारा शराब दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, जो स्थानीय लोगों के हित में नहीं है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान क्षेत्र में कॉलेज, आईटीआई और तहसील जैसी सुविधाएं शुरू हुईं, जबकि वर्तमान सरकार विकास के बजाय विनाश की ओर कदम बढ़ा रही है।

जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश पटेल ने चेतावनी दी कि यदि शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस पार्टी मर्दापाल से कोंडागांव तक पदयात्रा करेगी और जरूरत पड़ने पर कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।

इस विरोध ने क्षेत्र में राजनीति गर्मा दी है और आने वाले दिनों में विवाद और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar