छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभागरायपुर संभाग

लखेश्वर बघेल बने छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल के उपनेता प्रतिपक्ष, बस्तर के लिए गौरव का क्षण

,,बस्तर से लगातार तीसरी बार निर्वाचित विधायक को मिली बड़ी जिम्मेदारी, संगठन और जनसंघर्ष के लंबे अनुभव का मिला सम्मान,,

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बस्तर के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। बस्तर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार निर्वाचित विधायक लखेश्वर बघेल को छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल का उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति न केवल बस्तर विधानसभा बल्कि पूरे बस्तर संभाग और प्रदेश के लिए सम्मान की बात मानी जा रही है।

श्री बघेल का राजनीतिक और संगठनात्मक सफर बेहद मजबूत रहा है। वे लगभग 15 वर्षों तक बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रहे हैं और बस्तर जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया। संगठनात्मक मजबूती, जमीनी जुड़ाव और जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रियता के कारण वे क्षेत्र में एक प्रभावशाली जननेता के रूप में स्थापित हुए हैं।

विधानसभा चुनावों में उन्होंने वर्ष 2013, 2018 और 2023 में लगातार जीत दर्ज करते हुए बस्तर विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2013 में पहली बार विधायक बनने पर उन्हें विधायक दल का मुख्य सचेतक बनाया गया था। वहीं वर्ष 2018 में पुनः निर्वाचित होने के बाद उन्होंने बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए आदिवासी समाज के विकास हेतु कई महत्वपूर्ण पहल कीं।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मात्र दो वर्षों के भीतर उन्हें उपनेता प्रतिपक्ष जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपा जाना उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता, अनुभव और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
इतना ही नहीं, वर्ष 2024-25 में प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से उन्हें उत्कृष्ट विधायक के रूप में भी चयनित किया गया, जो उनकी सक्रिय और जनोन्मुखी कार्यशैली को दर्शाता है।

इसी क्रम में कांग्रेस विधायक दल में डलेश्वर साहू को मुख्य सचेतक तथा दिलीप लहरिया को उप सचेतक नियुक्त किया गया है।

लखेश्वर बघेल की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से बस्तर सहित पूरे प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताया गया यह विश्वास निश्चित रूप से संगठन को मजबूती प्रदान करेगा और विधानसभा में जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सहायक सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar