
बस्तर। बस्तर विकासखंड के मधोता 02 खैरगुड़ा में सात दिनों से चल रही खैरगुड़ा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सोनारपाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मधोता इलेवन को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच मधोता इलेवन और सोनारपाल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर मधोता इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में 60 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में सोनारपाल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सात ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और प्रतियोगिता जीत ली।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम पंचायत मधोता 02 कुंडगुड़ा के सरपंच ईस्पर मंडावी, मधोता 01 के जयदेव यादव, ग्राम पुजारी जम्मू सिंह ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, जनपद सदस्य समली कश्यप, संजय सिंह ठाकुर, नरेश ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रथम पुरस्कार ग्राम पुजारी जम्मू सिंह ठाकुर और आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा प्रदान किया गया, जबकि द्वितीय पुरस्कार जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप ने दिया। एडी दान को प्लेयर ऑफ द मैच और मोहित ठाकुर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। मनोज कुमार (रिंकू) ने एडी दान को ट्रॉफी प्रदान की, वहीं सरपंच ईस्पर मंडावी ने मोहित ठाकुर को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि शंकुतला कश्यप ने खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं का उत्साह बढ़ता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी और सरपंच ईस्पर मंडावी ने भी प्रतियोगिता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
आयोजन समिति ने कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान और संसाधनों की कमी का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने शासन-प्रशासन से खेल सामग्री और मैदान की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें।




