कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी पर केदार कश्यप का तंज, कहा – “सचिन पायलट को मिला शिकायतों का उपहार”

रायपुर। वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस संगठन में गहराते अंतर्कलह को लेकर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के रायपुर प्रवास के बाद उन्हें जन्मदिन पर कांग्रेसियों से शिकायतों का उपहार मिला है।
कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का संगठन लगातार बिखराव की ओर बढ़ रहा है। “पहले पीसीसी, फिर बीसीसी और अब बीबीबीसी की ओर कांग्रेस जा रही है। बीबीबीसी यानी बाबा, भूपेश, बैज कमेटी – इसी में कार्यकर्ताओं का वर्गीकरण हो गया है।”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस में कोई भी नेता कभी भीमसेन जोशी का गीत “मिले सुर मेरा तुम्हारा तो सुर बने हमारा” सुनना ही नहीं चाहता। यही कारण है कि पार्टी के भीतर एकजुटता असंभव है।
कश्यप ने कहा कि पायलट भले ही यह दावा कर रहे हों कि कांग्रेस अगला चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी, लेकिन हकीकत यह है कि उनके लौटते ही गुटबाजी और कोहराम सामने आ जाता है। उन्होंने कहा कि “सचिन पायलट की कोई भी बात उनके संगठन में गंभीरता से नहीं ली जाती। अनुशासनहीनता और गुटबाजी कांग्रेस के चरित्र का हिस्सा बन गई है।”
मंत्री ने आगे कहा कि दस जनपथ से संचालित कांग्रेस का ईश्वर ही मालिक है। खेमों में बंटी कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि सब एक मंच पर कैसे आएं, और इसी उहापोह के बीच सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ प्रवास करना पड़ रहा है।




