जीएसटी दरों में कमी से बढ़ेगी जनता की खरीदी क्षमता : केदार कश्यप

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ सरकार के वन, सहकारिता एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने भाजपा जिला कार्यालय चितालंका दंतेवाड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती से आम जनता और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल लोगों की जेब में बचत बढ़ेगी बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है। आयकर में ऐतिहासिक छूट के बाद अब जीएसटी स्लैब का सरलीकरण और दरों में कमी देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अहम कदम है।
उन्होंने बताया कि पहले 17 प्रकार के टैक्स और 13 प्रकार के सेस लागू थे, लेकिन अब चार जीएसटी स्लैब घटाकर दो कर दिए गए हैं। कई जरूरी वस्तुओं को शून्य कर श्रेणी में रखा गया है और अनेक उत्पादों पर कर में 10% तक की कमी की गई है। यह बदलाव नवरात्र के अवसर से लागू होंगे।
मंत्री कश्यप ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुएँ जैसे तेल, शैम्पू, टूथपेस्ट, मक्खन, पनीर, सिलाई मशीन, शैक्षणिक सामग्री, स्वास्थ्य व जीवन बीमा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल उत्पाद अब सस्ते होंगे। किसानों को भी जीएसटी दर में कमी का फायदा मिलेगा। शैटर, हार्वेस्टर और रोटावेटर जैसे कृषि उपकरणों पर जीएसटी 5% कर दिया गया है। साथ ही जैव-कीटनाशक और सूक्ष्म पोषक तत्वों पर कर घटाकर किसानों की लागत कम की गई है।
उन्होंने कहा कि 2017 में जीएसटी लागू होने के समय 66.5 लाख करदाता थे, जो 2025 में बढ़कर 1.51 करोड़ हो गए हैं। 2024-25 में जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये रहा, जो चार साल में दोगुना है।
कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष सुधारों पर बैठकों में विरोध करता है और बाहर आकर सरकार पर आरोप लगाता है। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधार विदेशी दबाव या अमेरिकी टैरिफ से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह “गुड एंड सिंपल टैक्स” के रूप में आम जनता और व्यापारियों के हित में है।
इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मंडावी, अभिमन्यु सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, जिला महामंत्री मुन्ना मरकाम, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।




