छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

‘मन की बात’ सुनने पहुंचे केदार कश्यप: बोले—जनभागीदारी से ही बनेगा विकसित भारत, आत्मनिर्भरता का दिया मंत्र

 

सुकमा, 28 जून 2026। वनमंत्री केदार कश्यप ने रविवार को सुकमा जिले के मड़ईगुड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज देशवासियों के लिए प्रेरणा, सकारात्मक ऊर्जा और जनभागीदारी का सशक्त माध्यम बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज के उन अनगिनत लोगों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है, जो निस्वार्थ भाव से समाज, पर्यावरण, शिक्षा, स्वच्छता, नवाचार, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ऐसे प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से देशवासियों को विकास की यात्रा में सहभागी बनने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 135वें संस्करण में प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी तकनीक, वैज्ञानिक सोच, नवाचार और जनभागीदारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने सी-295 (C-295) सैन्य परिवहन विमान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि देश अपनी तकनीकी क्षमता और नवाचार के बल पर वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से इन योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, अंधविश्वास से दूर रहने तथा नवाचार और अनुसंधान की संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया। यह संदेश विशेष रूप से युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संदेश है कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही साकार होगा। जब प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा, समाजहित में योगदान देगा और आत्मनिर्भरता की भावना के साथ आगे बढ़ेगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।

उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं, सामाजिक समरसता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने गांव और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश हमें राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar