छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

मोदी युग में आत्मनिर्भर भारत की नई उड़ान: केदार कश्यप बोले– रक्षा से डिजिटल तक स्वावलंबन बन रहा राष्ट्रीय पहचान

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा रहा है। केबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि भारत आज स्वावलंबन का वैश्विक प्रतीक बन चुका है। रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कृषि और डिजिटल क्षेत्र में भारत स्वदेशी नवाचार से सशक्त हो रहा है।

रक्षा क्षेत्र में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ बना आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक

मंत्री कश्यप ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सफल रहा ऑपरेशन सिंदूर भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का प्रमाण है। इस मिशन में स्वदेशी हथियारों, तकनीक और उपकरणों ने निर्णायक भूमिका निभाई। भारत अब अपनी सुरक्षा के लिए किसी देश पर निर्भर नहीं, बल्कि वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था में भागीदार बन चुका है।

स्वदेशी जेट इंजन और सेमीकंडक्टर से तकनीकी आत्मनिर्भरता

कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से भारत में ही जेट इंजन बनाने का आह्वान किया है। साथ ही भारत 2025 तक अपना पहला मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप लॉन्च करेगा। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा और डीप टेक के क्षेत्र में भारत अब वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनने जा रहा है।

अंतरिक्ष क्षेत्र में स्वदेशी युग की शुरुआत

मंत्री कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भारत के अपने स्पेस स्टेशन की घोषणा की है। वर्तमान में 300 से अधिक स्टार्टअप उपग्रह निर्माण और अंतरिक्ष तकनीक में काम कर रहे हैं।

2025 तक 50% स्वच्छ ऊर्जा का लक्ष्य

ऊर्जा क्षेत्र पर बोलते हुए कश्यप ने कहा कि भारत ने 2030 का लक्ष्य पाँच वर्ष पहले ही हासिल कर लिया है। सौर, हाइड्रोजन, जलविद्युत और परमाणु ऊर्जा में भारत विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है। प्रधानमंत्री ने निजी क्षेत्र की भागीदारी से परमाणु ऊर्जा क्षमता को आज़ादी के 100वें वर्ष तक दस गुना बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है।

राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन

कश्यप ने बताया कि सरकार ने 1200 नए खनिज स्थलों की खोज के लिए राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन शुरू किया है। इससे ऊर्जा, रक्षा और औद्योगिक आत्मनिर्भरता को मज़बूती मिलेगी।

कृषि और उर्वरक उत्पादन में स्वदेशीकरण

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने घरेलू स्तर पर उर्वरक उत्पादन बढ़ाने का निर्णय लिया है ताकि किसान आत्मनिर्भर बनें और उनकी आमदनी में वृद्धि हो।

डिजिटल भारत – अपना सोशल मीडिया और डेटा इकोसिस्टम

कश्यप ने कहा कि भारत अपने डिजिटल डेटा और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं से उन्होंने डिजिटल स्वायत्तता को राष्ट्रीय संकल्प के रूप में अपनाने की अपील की।

‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मिशन सुदर्शन चक्र’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “वोकल फॉर लोकल” अभियान ने स्वदेशी उत्पादों को सम्मान का प्रतीक बना दिया है। हर दुकान पर “स्वदेशी अपनाएँ, भारत बढ़ाएँ” का संदेश देना चाहिए। साथ ही मिशन सुदर्शन चक्र भारत की रक्षा क्षमता और सांस्कृतिक परंपरा दोनों का प्रतीक बनेगा।

फार्मा सेक्टर में आत्मनिर्भरता

भारत को “फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड” बताते हुए कश्यप ने कहा कि देश अब अपनी प्रयोगशालाओं में नई दवाएँ और वैक्सीन तैयार करेगा। कोविड काल में को-वैक्सीन और कोविशील्ड ने दुनिया को भारत की वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया।

आत्मनिर्भरता का युग – भारत बनेगा विश्व गुरु

प्रेसवार्ता के अंत में केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता के उस युग में प्रवेश कर चुका है, जहाँ स्वदेशी नवाचार, तकनीकी श्रेष्ठता और सांस्कृतिक गर्व – तीनों मिलकर भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में अग्रसर कर रहे हैं।

प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, विद्याशरण तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, योगेंद्र पाण्डेय, नरसिंह राव, महापौर संजय पाण्डे, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, आर्येन्द्र सिंह आर्य, आलोक अवस्थी, पश्चिम नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, दिनेश के.जी., प्रकाश रावल और ब्रिजेश शर्मा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar